*मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सुधार के लिए लगा विशेष कैंप*

चाईबासा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बुधवार को चाईबासा स्थित श्री मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय के मतदान केंद्र संख्या 105 पर ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस विशेष कैंप में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और त्रुटियों में सुधार के लिए लोगों को जानकारी दी गई।
कैंप में बीएलओ मनीषा दास के साथ बीएलए-2 एवं कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित एएसडीडी यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची के साथ अयोग्य पाए गए मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाए गए। साथ ही, जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें आवेदन की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी गई।
कैंप में बताया गया कि जिन नागरिकों की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है अथवा जिनका नाम एएसडीडी सूची में शामिल है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सही दस्तावेज जमा कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और आवश्यक सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस मौके पर त्रिशानु राय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम होना जरूरी है। कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। निर्वाचन आयोग की ओर से मिले इस अवसर का अधिक से अधिक लोगों को लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बीएलओ और स्थानीय मतदाताओं से बेहतर समन्वय बनाकर पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग करने की अपील की।
कैंप में विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मल चन्द्र त्रिपाठी, बीएलओ पर्यवेक्षक बिब्यानुस होरो, राकेश सिंह, संजीव कुमार, मो. दिलनवाज अहमद सहित स्थानीय मतदाता एवं अन्य लोग उपस्थित थे।




