सरायकेला में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर विशाल पदयात्रा, चम्पाई सोरेन ने महागठबंधन सरकार और कांग्रेस पर साधा निशाना

सरायकेला, संवाददाता। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, जनजातीय गौरव दिवस एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरायकेला में पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक चम्पाई सोरेन के नेतृत्व में विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में क्षेत्र के हजारों लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान तथा आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकार और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा का संदेश दिया गया।
पदयात्रा में शामिल लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा, वीर पोटो हो, वीर सिदो-कान्हू तथा झारखंड राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। पदयात्रा के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने राज्य की वर्तमान स्थिति एवं कानून-व्यवस्था को लेकर महागठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला।
आदिवासी युवा नेत्री निशा भगत की असामयिक मृत्यु पर दुख जताते हुए चम्पाई सोरेन ने कहा कि इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों और मूलवासियों के हक-अधिकार के लिए आवाज उठाने वाले लोगों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वीर सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू, पड़हा राजा सोमा मुंडा तथा सूर्या हांसदा जैसे लोगों को भी खामोश करने का प्रयास किया जा रहा है।
महागठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए चम्पाई सोरेन ने राज्य की स्थिति की तुलना ‘जंगलराज’ से की। उन्होंने कहा कि जब न्याय की उम्मीद लेकर कोई महिला पुलिस थाने पहुंचती है और वहीं उसके साथ दुष्कर्म जैसी शर्मनाक घटना हो जाती है, तो आम आदमी न्याय के लिए आखिर कहां जाए।
अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोला और आदिवासी समाज के इतिहास तथा अधिकारों का जिक्र करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि 1961 में आदिवासी धर्म कोड हटाने वाली कांग्रेस ने दशकों तक आदिवासी समाज को केवल राजनीतिक नारों और आयोजनों तक सीमित रखा।
चम्पाई सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के खिलाफ ‘उलगुलान’ का नेतृत्व करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन और बलिदान अन्याय एवं धर्मांतरण के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता रहेगा।
झारखंड निर्माण का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देते हुए चम्पाई सोरेन ने कहा कि झारखंड हजारों आंदोलनकारियों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। उनके अनुसार, अटल बिहारी वाजपेयी ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अलग झारखंड राज्य का सपना साकार किया, जबकि कांग्रेस ने झारखंड आंदोलन को कुचलने और आंदोलनकारियों पर गोली चलाने का काम किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोल सेना के केंद्रीय अध्यक्ष बिष्णु बानरा, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, विधायक प्रतिनिधि सनंत आचार्य, झारखंड बोदरा सहित कई लोग मौजूद रहे।




