परसुडीह के गदड़ा में अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 821 लीटर बोतलबंद शराब समेत भारी मात्रा में नकली पैकेजिंग सामग्री जब्त
20 हजार ढक्कन, 5 हजार खाली बोतल और 5 हजार नकली होलोग्राम बरामद, अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए फैक्ट्री संचालक और आरोपी

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध विदेशी शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा गांव में संचालित मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गुरुवार, 12 नवंबर की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध शराब, स्पिरिट और शराब की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर फैक्ट्री में मौजूद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष कार्य बल ने निरीक्षक उत्पाद, धालभूम प्रक्षेत्र अशोक कुमार के नेतृत्व में गदड़ा गांव में छापेमारी अभियान चलाया। टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां मिनी विदेशी शराब निर्माण फैक्ट्री संचालित होने का खुलासा हुआ। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने पूरे परिसर की विधिवत तलाशी ली और अवैध शराब के साथ बड़ी मात्रा में निर्माण एवं पैकेजिंग सामग्री जब्त की।
330 लीटर अवैध स्पिरिट और 821.53 लीटर बोतलबंद शराब बरामद
छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने 500 लीटर क्षमता वाले एक सिंटेक्स टैंक और तीन प्लास्टिक जरीकेन से कुल 330 लीटर अवैध स्पिरिट बरामद की। इसके अलावा विभिन्न ब्रांड की 72 पेटियों में रखी 821.53 लीटर बोतलबंद विदेशी शराब तथा 180 लीटर तैयार रंगीन शराब भी जब्त की गई।
नकली ब्रांडिंग के लिए रखे गए थे हजारों ढक्कन और होलोग्राम
मौके से शराब की पैकेजिंग और ब्रांडिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी भारी मात्रा में बरामद हुई। इसमें विभिन्न ब्रांड के 20 हजार ढक्कन, ग्लास और पीईटी के करीब पांच हजार खाली बोतल, विभिन्न ब्रांड के सात हजार लेबल और पांच हजार नकली होलोग्राम शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री की बरामदगी से आशंका जताई जा रही है कि यहां नकली विदेशी शराब तैयार कर उसे नामी ब्रांड के नाम पर बाजार में खपाने की तैयारी थी।
अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए आरोपी, गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज
उत्पाद विभाग की कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में मौजूद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। विभाग की टीम उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है। सभी फरार अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत न्यायालय में फरार अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई से परसुडीह क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और कारोबार से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है। अब उत्पाद विभाग के सामने फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने की चुनौती है।




