*विधायक निरल पूर्ति के जन्मदिन पर मेगा रक्तदान शिविर, 226 यूनिट रक्त संग्रह*

चाईबासा: मझगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक निरल पूर्ति का जन्मदिन गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सेवा एवं सामाजिक सरोकार के रूप में मनाया। इस अवसर पर कुमारडुंगी प्रखंड के डाक बंगला परिसर में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 226 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। आयोजकों ने 250 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा था।
शिविर में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। विधायक निरल पूर्ति ने सभी रक्तदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। एक व्यक्ति के रक्तदान से जरूरतमंद मरीज की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और इस नेक कार्य में आगे आने की अपील की। शिविर में प्रत्येक रक्तदाता को प्रमाण पत्र, हेलमेट और स्मृति स्वरूप चाय का कप देकर सम्मानित किया गया। हेलमेट के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।
*दो स्वास्थ्य केंद्रों को एंबुलेंस*
विधायक के जन्मदिन पर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तांतनगर और मंझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एक-एक एंबुलेंस प्रदान की गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों, गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सुविधा होगी। इसके अलावा तांतनगर सीएचसी को विधायक निधि से डीजे जनरेटर उपलब्ध कराने की पहल की गई।
*महिला समूह को ट्रैक्टर, टीबी मरीजों को पोषाहार*
कार्यक्रम में महिला समूह को आजीविका मजबूत करने के उद्देश्य से ट्रैक्टर दिया गया। वहीं, टीबी मरीजों के बीच पोषाहार का वितरण किया गया। उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए एक जरूरतमंद छात्रा को मुख्यमंत्री राहत कोष से 40 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।
विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। जनप्रतिनिधि के रूप में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और जरूरतमंदों की सहायता उनकी प्राथमिकता है।
*कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी हुए शामिल*
कार्यक्रम में राज्य के मंत्री दीपक बिरुवा, सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास शर्मा और चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव शामिल हुए। सभी अतिथियों ने विधायक निरल पूर्ति को गुलदस्ता भेंटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।
विधायक ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनके जन्मदिन को जनसेवा से जोड़कर सराहनीय पहल की है। उन्होंने रक्तदाताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग उपस्थित थे।




