कोल्हान

*अवैध अफीम की खेती और साइबर अपराध रोकने को लेकर सोनुआ थाना में जागरूकता बैठक*

चाईबासा: अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने, साइबर अपराध से बचाव और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के उद्देश्य से गुरुवार को सोनुआ थाना परिसर में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानकी-मुंडा और विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में अंचल पुलिस निरीक्षक महानंद सुरीन ने लोगों से अवैध अफीम की खेती नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे से समाज और युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। इसलिए ग्रामीणों को नशा मुक्ति अभियान में सहयोग करना चाहिए और अपने आसपास होने वाली अवैध अफीम की खेती की जानकारी पुलिस को देनी चाहिए।

सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने साइबर अपराध से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने अनजान फोन कॉल, संदेश और लिंक से सावधान रहने तथा किसी के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।

उन्होंने सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया। अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को बाइक चलाने के लिए नहीं दें। यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग जरूर करें।

बैठक में डायन प्रथा, बाल विवाह, बाल श्रम और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि इन कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समाज के सभी लोगों को आगे आने की जरूरत है।

बैठक में मौजूद मानकी-मुंडा और जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों को जागरूक करें तथा पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर अपराध और सामाजिक बुराइयों को रोकने में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!