वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च में गूंजा लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का नारा*

चाईबासा : लोकतंत्र, मताधिकार और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ जिला कांग्रेस कमिटी, पश्चिमी सिंहभूम की ओर से बुधवार को चाईबासा में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने किया। इसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, जिला प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च कांग्रेस भवन से शुरू होकर शहीद पार्क चौक, टैगोर पार्क चौक, सदर थाना चौक, मुख्य मार्ग, पोस्ट ऑफिस चौक, कोर्ट मार्ग, जैन मार्केट चौक और पिल्लई हॉल मार्ग होते हुए गांधी मैदान पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा को लेकर नारे लगाए।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों के मताधिकार पर निर्भर है। मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के पास सबसे बड़ी ताकत उसका वोट है। प्रत्येक योग्य मतदाता को मतदान का अधिकार मिले और चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी हो, यह जरूरी है।
शहीद पार्क चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। सोनाराम सिंकु ने कहा कि कांग्रेस जनता के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का जनसंकल्प है।
गांधी मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कार्यक्रम का समापन हुआ। राष्ट्रगान के बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया गया और लोकतंत्र व मताधिकार की रक्षा का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में मायाधर बेहरा, राज कुमार यादव, त्रिशानु राय, सौरभ अग्रवाल, राजद जिलाध्यक्ष पशुपति नायक, कैरा बिरुवा, अशरफुल होदा, जय प्रकाश महतो, रईस रिजवी छब्बन, नितिमा बारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।




