सोनारी बिंदल मॉल फायरिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में दो मुख्य शूटर घायल; हथियार बरामद

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव रोड स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे सोनारी के फागु बाबा श्मशान घाट के पास हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और गोलीकांड के दो आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान मुख्य शूटर बताए जा रहे मोहन यादव और अजीत मंडल के पैरों में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली से गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाई थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में मोहन यादव और अजीत मंडल को मुख्य शूटर बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद उन्हें जमशेदपुर लाया गया था। पुलिस टीम बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे दोनों को लेकर सोनारी के फागु बाबा श्मशान घाट पहुंची, जहां घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही थी।
हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़
बताया गया कि दोनों आरोपियों ने पुलिस को उस स्थान की जानकारी दी, जहां कथित तौर पर पिस्टल छिपाकर रखी गई थी। पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचने के बाद दोनों ने छिपाई गई पिस्टल बाहर निकाली। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए।
मौके से हथियार जब्त, वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से हथियार जब्त कर लिया और घायल आरोपियों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है।
रेस्टोरेंट में बैठे चार लोगों पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, मोहन यादव और अजीत मंडल पर बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में बैठे चार लोगों पर फायरिंग करने का आरोप है। इसी मामले में दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। जमशेदपुर लाने के बाद पुलिस उन्हें हथियार बरामद करने के लिए सोनारी के फागु बाबा श्मशान घाट ले गई थी। इसी दौरान कथित फायरिंग के बाद पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। फिलहाल दोनों आरोपियों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




