कोल्हान

*गुदड़ी में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आकलन शिविर* 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आकांक्षी प्रखंड गुदड़ी में सोमवार को दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आकलन शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन एडीआईपी और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एएलआईएमसीओ) के सहयोग से किया गया।

शिविर का उद्घाटन पश्चिमी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उन्हें सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों और एएलआईएमसीओ के प्रतिनिधियों को पात्र लाभुकों का सही आकलन कर योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।

शिविर में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की शारीरिक जरूरतों का आकलन किया गया। पात्र लाभुकों को व्हीलचेयर, तिपहिया साइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी, छड़ी और चलने में सहायक अन्य उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत आयुजनित दिव्यांगता या अशक्तता से प्रभावित पात्र वरिष्ठ नागरिकों को भी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

प्रशासन की ओर से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। लाभुकों से आधार कार्ड, राशन कार्ड और पासपोर्ट आकार के फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया। उप विकास आयुक्त ने शिविर में लाभुकों से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।

शिविर में सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, जिला योजना पदाधिकारी फ्रांसिस कुजूर, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी, गुदड़ी प्रमुख सामी भेंगरा, जिला परिषद सदस्य सुनीता लुगुन, मुंडा बिरसा मुंडा सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी और एएलआईएमसीओ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!