कोल्हान

*दुर्गा पूजा से पहले बकाया वेतन नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी* 

चाईबासा: गुवा स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय में सोमवार को ठेका मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। इसमें ठेका मजदूरों की समस्याओं और उनके लंबित मांगों पर चर्चा की गई। इस दौरान सेल प्रबंधन और ठेकेदारों के रवैये पर नाराजगी जताई गई।

रामा पांडे ने कहा कि गुवा सेल प्रबंधन के अधीन काम करने वाले ठेका मजदूरों को ज्वाइनिंग लेटर दिया गया है, लेकिन उसमें मजदूरों को मिलने वाले लाभों की स्पष्ट जानकारी नहीं है। वेतन स्लिप में भी जरूरी विवरण दर्ज नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ठेका मजदूरों का दो माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। इसके अलावा रिटेंचमेंट बेनिफिट की राशि का भी भुगतान नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि बकाया वेतन और अन्य मांगों को लेकर सेल प्रबंधन तथा संबंधित ठेकेदारों को कई बार जानकारी दी गई है। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। रामा पांडे ने चेतावनी दी कि दुर्गा पूजा से पहले यदि ठेका मजदूरों के बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बैठक में गुवा सेल अस्पताल में नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने, मजदूरों के आने-जाने के लिए नई बस सेवा शुरू करने और सेल प्रबंधन द्वारा संचालित इस्को मिडिल स्कूल में एडहॉक शिक्षकों की बहाली की मांग की गई।

संघ ने स्किल्ड कार्य करने वाले ठेका मजदूरों को स्किल्ड श्रेणी का वेतन देने, सफाई कर्मियों को उनके कार्य के अनुरूप मजदूरी देने, सिक लीव पांच से बढ़ाकर 10 दिन करने और सभी ठेका मजदूरों को तत्काल मेडिकल कार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

रामा पांडे ने कहा कि प्रबंधन की ओर से कई बार मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन उस पर अमल नहीं होता। बैठक में महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, सिकंदर पान, किशोर सिंह, मोहम्मद इम्तियाज खान सहित अन्य पदाधिकारी और ठेका मजदूर मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!