कोल्हान

जालियांवाला बाग ट्रेन रद्द होने के विरोध में सिख समाज की सर्वदलीय बैठक, रेलवे को आंदोलन की चेतावनी

जमशेदपुर। टाटानगर से चलने वाली टाटा-अमृतसर-टाटा जालियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103-18104) को कोहरे के कारण लगातार पांचवें सीजन में 2 दिसंबर से 28 फरवरी तक रद्द किए जाने के निर्णय के विरोध में जमशेदपुर का सिख समाज मुखर हो गया है। रविवार को साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी (सीजीपीसी) कार्यालय में आपात सर्वदलीय बैठक आयोजित कर रेलवे के फैसले पर नाराजगी जताई गई। बैठक में सिख समाज के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

बैठक में वक्ताओं ने सवाल उठाया कि लंबी दूरी की अन्य ट्रेनें भी कोहरे के दौरान चलती हैं, फिर केवल जालियांवाला बाग एक्सप्रेस को ही बार-बार रद्द क्यों किया जाता है। सीजीपीसी के महासचिव अमरजीत सिंह गुरचरण सिंह बिल्ला ने कहा कि सिख समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नई ट्रेन शुरू की जानी चाहिए, न कि सप्ताह में दो दिन चलने वाली इस ट्रेन को भी बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्णय वापस नहीं हुआ तो रेलवे के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

सीजीपीसी के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए सिख समाज से एकजुट होकर रेलवे के निर्णय के खिलाफ संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिख समाज के साथ रेलवे का लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो धरना-प्रदर्शन से लेकर रेल परिचालन रोकने तक का आंदोलन किया जाएगा और वह जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि सांसद विद्युत वरण महतो ने दूरभाष पर समर्थन का भरोसा दिया है और रेल मंत्री से बात करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को टाटानगर दौरे पर आने वाले दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक मनीष जैन से मुलाकात कर मांग रखी जाएगी। इसके बाद 7 अक्टूबर को चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय में डीआरएम तरुण हुरिया से प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। उन्होंने बताया कि सुबह नौ बजे सभी लोग सीजीपीसी कार्यालय से एकजुट होकर रवाना होंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि वार्ता के बाद भी ट्रेन रद्द करने का फैसला वापस नहीं लिया गया तो दुर्गापूजा के बाद चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसमें धरना-प्रदर्शन के बाद रेल चक्का जाम जैसे कदम उठाने की चेतावनी दी गई।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने भी बैठक में पहुंचकर कांग्रेस की ओर से समर्थन देने की बात कही। वहीं भाजपा नेता एवं रंगरेटा महासभा के अध्यक्ष मनजीत सिंह गिल, जदयू महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू, गौतम बोस, निर्मल दास, राजकुमार दास समेत विभिन्न दलों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने सीजीपीसी के आंदोलन में सहयोग का भरोसा दिया।

बैठक की शुरुआत गुरु चरणों में अरदास के साथ हुई। इस दौरान विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों, सेंट्रल नौजवान सभा और सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन अमरजीत सिंह धनबाद ने किया, जबकि ज्ञापन संबंधी सलाहकार परविंदर सिंह सोहल समेत बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!