बड़ाजामदा रेल फाटक पर ओवरब्रिज की मांग, जिप सदस्य देवकी कुमारी ने डीआरएम को सौंपा मांग पत्र
फाटक बंद रहने से जाम में फंसते हैं आम लोग, मरीज और छात्र; स्टेशन के समीप प्रभावित दुकानदारों के लिए मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने का भी आग्रह

बड़ाजामदा/गुवा: नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने बुधवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम को बड़ाजामदा रेलवे फाटक पर रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने जनहित में ओवरब्रिज निर्माण को प्राथमिकता देने के साथ रेलवे स्टेशन के समीप मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने का भी आग्रह किया। मांग पत्र में देवकी कुमारी ने कहा कि बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का कार्य रेलवे की ओर से कराया जा रहा है, जबकि स्टेशन के बाहर मुख्य सड़क से किरीबुरु और गुवा की ओर जाने वाली सड़क खनन क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण यहां वाहनों का दबाव अधिक रहता है। ओडिशा की ओर से आने वाली सड़क भी इसी मुख्य मार्ग से जुड़ती है, जिससे रेल फाटक बंद होते ही मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग जाता है। उन्होंने कहा कि फाटक बंद रहने के कारण आम लोगों के साथ मरीज, छात्र और अन्य जरूरतमंद लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। इस रेल मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालगाड़ियों के गुजरने के कारण फाटक के बार-बार बंद होने की स्थिति बनी रहती है। जिप सदस्य ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए पूर्व में भी रेलवे से अनुरोध किया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने स्टेशन के समीप दुकानों को हटाए जाने से प्रभावित छोटे व्यापारियों के लिए मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण की मांग भी रखी, ताकि उनके लिए वैकल्पिक व्यावसायिक व्यवस्था उपलब्ध हो सके। इससे पूर्व चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम ने बड़ाजामदा रेलवे साइडिंग और अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गुवा रेलवे साइडिंग का भी निरीक्षण किया।




