Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
सरायकेलासरायकेला खरसावाँ

सरायकेला के सीनी ओपी क्षेत्र में 20 दुकानों की जांच, बिना चेतावनी तंबाकू उत्पाद बेचने पर कार्रवाई की चेतावनी

जिला तंबाकू नियंत्रण टीम ने COTPA के प्रावधानों की दी जानकारी, स्कूलों और सरकारी कार्यालयों के 100 मीटर दायरे में बिक्री नहीं करने का निर्देश

सरायकेला-खरसावां/सीनी: सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 (COTPA-2003), झारखंड संशोधित अधिनियम-2021 एवं इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट से संबंधित प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन को लेकर बुधवार को सीनी ओपी क्षेत्र में जिला तंबाकू नियंत्रण टीम की ओर से जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त एवं सिविल सर्जन के निर्देश पर जिला परामर्शी, NTCP अशोक यादव के नेतृत्व में करीब 20 दुकानों की जांच की गई। इस दौरान शिक्षण संस्थानों एवं सरकारी कार्यालयों के 100 मीटर के दायरे में आने वाली दुकानों पर तंबाकू उत्पादों की बिक्री तथा निर्धारित प्रावधानों के अनुपालन की जानकारी ली गई। दुकानदारों को COTPA-2003 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए शिक्षण संस्थानों और सरकारी कार्यालयों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया गया। जिला परामर्शी ने दुकानदारों को हैंडबिल एवं पंपलेट उपलब्ध कराकर तंबाकू उत्पादों के पैकेट पर निर्धारित स्वास्थ्य चेतावनी एवं चेतावनी चित्र से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। खुले में सिगरेट की बिक्री को पैकेट पर प्रदर्शित निर्धारित स्वास्थ्य चेतावनी से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन बताते हुए नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा होटल संचालकों एवं प्रबंधकों को अपने प्रतिष्ठानों में मानक के अनुरूप ‘गैर-धूम्रपान क्षेत्र’ (No Smoking Area) का बोर्ड या दीवार लेखन अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर COTPA-2003 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई और जुर्माना किया जा सकता है। जिला टीम के अनुसार शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों एवं न्यायालय परिसरों के आसपास तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना तथा तंबाकू मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण को बढ़ावा देना है। अभियान के दौरान लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी देते हुए तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग की ओर से आवश्यक परामर्श एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। सदर अस्पताल में तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र संचालित है तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी यह सेवा निःशुल्क उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान NTCP सलाहकार सहित सीनी ओपी के पुलिस कर्मी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!