जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा ने जताई चिंता, एसएसपी से अपराध नियंत्रण और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग
जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, नशा, अवैध लॉटरी, चोरी-छिनतई और यातायात व्यवस्था को लेकर रखीं मांगें

जमशेदपुर: शहर में हाल के दिनों में सामने आई बैंक डकैती, फायरिंग, चोरी, छिनतई समेत अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने चिंता जताई है। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब से उनके कार्यालय में मुलाकात कर कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद डकैती, मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के समीप हुई फायरिंग तथा गोलमुरी में बैंक डकैती के अगले दिन ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी एवं छिनतई की घटनाओं का उल्लेख करते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं ने शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर भी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई के बजाय पूरे नेटवर्क, आपूर्ति तंत्र और प्रमुख संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। महिलाओं के साथ चेन एवं पर्स छिनतई, मोबाइल छिनतई तथा घरों और क्वार्टरों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग भी रखी गई। जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि कानून-व्यवस्था किसी भी शहर की पहली प्राथमिकता होती है और हाल की घटनाओं से आम नागरिकों एवं व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताते हुए कानून एवं यातायात नियमों का पालन कराने के दौरान नागरिकों और व्यापारियों के साथ संयमित, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की बात कही। प्रतिनिधिमंडल ने बाजार क्षेत्रों में पुलिस कार्रवाई के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई। यातायात व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा नेताओं ने आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकरों को व्यवस्थित एवं बहाल करने, अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई करने, नो-एंट्री के बावजूद तेज गति से चलने वाले बड़े वाहनों पर नियंत्रण तथा यातायात पुलिस के व्यवहार की समीक्षा की मांग की। प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV व्यवस्था की समीक्षा, खराब कैमरों को दुरुस्त करने और आवश्यकता के अनुसार निगरानी बढ़ाने की मांग भी की गई। भाजपा ने मानगो, गोलमुरी, सिदगोड़ा, साकची, बिष्टुपुर और जुगसलाई सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में शाम से देर रात तक पुलिस गश्ती बढ़ाने, नशे एवं अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर कार्रवाई करने तथा नागरिकों एवं व्यापारियों के लिए त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग रखी। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रतिनिधिमंडल की बातों और सुझावों को सुना तथा आश्वस्त किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है और हाल की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में गुंजन यादव, बबुआ सिंह, रूबी झा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, मुचीराम बाउरी, रीना चौधरी, तन्मय झा, संजीत चौरसिया, प्रेम झा, बिनोद सिंह, नीतीश कुशवाहा, सागर राय, अमित सिंह, किशोर ओझा, राकेश दुबे समेत विभिन्न मंडल अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




