*मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के तहत नोटिस की हुई सुनवाई*

चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत शुक्रवार को नोटिस सुनवाई का आयोजन किया गया। सुनवाई नामित अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा संजय कुमार की उपस्थिति में हुई। निर्वाचन आयोग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के तहत पूरा करना है।
शुक्रवार को हुई सुनवाई टुसा सरदार इंग्लिश स्कूल, पश्चिमी भाग, भाग संख्या-150 से संबंधित नोटिस के मामले में आयोजित की गई थी। सुनवाई के दौरान संबंधित मामले से जुड़े आवश्यक पक्ष और तथ्यों को पदाधिकारी के समक्ष रखा गया। राजनीतिक दल कांग्रेस की ओर से कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों में प्रत्येक नोटिस तथा दावे-आपत्तियों की सुनवाई निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है और निर्धारित नियम एवं प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाती है।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता और पारदर्शिता को लेकर सजग है। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत होने वाली सुनवाई में कांग्रेस के प्रतिनिधि के रूप में आवश्यक मामलों में उपस्थित होकर संबंधित तथ्यों और पक्ष को सक्षम पदाधिकारी के समक्ष रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप पूरी हो तथा पात्र मतदाताओं का अधिकार प्रभावित नहीं हो। निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया में दावे और आपत्तियों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा सुनवाई और सत्यापन का प्रावधान किया गया है।
मौके पर बीएलओ जयंती कुजूर, पिंकी देवी, बीएलओ सुपरवाइजर दीपांकर सोरेन, सहायक शिक्षक रिंकु नाथ सथपथी, रवि रोशन बोदरा, सजीव डे, सहायक कर्मी मनीषा गोप, गणेश सिंकु और कृष्णा मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे।




