कोल्हान

*उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न*

चाईबासा : लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। पर्व के अंतिम दिन चाईबासा, चक्रधरपुर सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अहले सुबह से ही व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सिर पर दउरा और बहंगी लेकर घाटों की ओर पहुंचने लगीं। 36 घंटे का निर्जला उपवास रखने वाले व्रतियों ने लोकगीतों के बीच भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालु दंडवत करते हुए भी घाट पहुंचे।

*रोरो नदी घाट पर हुई भव्य गंगा आरती*

चाईबासा में रोरो नदी, कुजु नदी और विभिन्न तालाबों के घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ रही। रोरो नदी के छठे घाट पर वाराणसी से आए विद्वान पंडितों द्वारा भव्य गंगा आरती की गई। इसके बाद व्रतियों ने नदी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मईया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। जिले के डीसी, एसपी, नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सदर एसडीओ, एसडीपीओ, अंचल अधिकारी और दोनों थानों के प्रभारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। सामाजिक संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के बीच दूध, फूल और गंगाजल का वितरण किया।

*चक्रधरपुर में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ पर्व*

चक्रधरपुर में पुरानी बस्ती स्थित सीढ़ी नदी घाट को केंद्रीय छठ पूजा समिति की ओर से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यहां काशी की तर्ज पर गंगा आरती आयोजित की गई। इसके बाद व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस मौके पर मुख्य संरक्षक सह विधायक सुखराम उरांव, नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और भाजपा नेता डॉ. विजय सिंह गागराई ने घाट पहुंचकर सूर्य देव को प्रणाम किया। दंदासाई, मुक्तिनाथ घाट, असंतालिया और बोड़ा पुल सहित अन्य घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुरक्षा व्यवस्था में एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी, बीडीओ कांचन मुखर्जी और थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे।

*कुजु नदी घाट पर रुंगटा माइंस ने की विशेष व्यवस्था*

चालियामा स्थित कुजु नदी घाट पर रुंगटा माइंस लिमिटेड के चालियामा स्टील प्लांट की ओर से छठ व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट परिसर में 10 चेंजिंग रूम बनाए गए थे। इसके अलावा घाट तक आने-जाने वाले रास्ते और पुल के दोनों ओर रोशनी की व्यवस्था की गई थी। कंपनी की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

इस तरह जिलेभर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच चार दिवसीय छठ महापर्व का शांतिपूर्ण समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!