सरायकेला में हर्षोल्लास से मना भैया दूज, बहनों ने भाइयों की दीर्घायु की कामना

सरायकेला, संवाददाता। सरायकेला, सीनी, कोलाबीरा समेत आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बुधवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों के माथे पर मंगल तिलक लगाकर उनके सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना स्नेह प्रकट किया।
पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने स्नान कर नए वस्त्र धारण किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद शुभ मुहूर्त में भाइयों को आसन पर बैठाकर तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाई। कई घरों में बहनों ने भाइयों को आमंत्रित कर पारंपरिक व्यंजनों से उनका स्वागत किया।
सरायकेला और सीनी के बंगाली बहुल क्षेत्रों में भैया दूज यानी भाई फोंटा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने पारंपरिक शंख ध्वनि और रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया। वहीं बाजारों में भी दिनभर रौनक रही। मिठाई दुकानों पर भीड़ रही तथा लोगों ने मिठाइयों और पूजन सामग्री की खरीदारी की। पूरे क्षेत्र में भाई-बहन के प्रेम और पारिवारिक सौहार्द का माहौल बना रहा।




