*संत तेरेसा स्कूल में वार्षिक खेलकूद समारोह आयोजित, लाल हाउस बना विजेता*

चाईबासा: झींकपानी स्थित संत तेरेसा स्कूल में शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 का वार्षिक खेलकूद समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर धर्मप्रांत के बिशप रेव. टेलिस्फोर बिलुंग (SVD) उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम, एकता और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। खेल विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने और चुनौतियों का सामना करने की सीख देते हैं।
खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यालय के चार हाउस लाल, पीला, हरा और नीला ने हिस्सा लिया। सभी हाउसों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बेहतर प्रदर्शन करते हुए लाल हाउस ने कुल 2814 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता लाल हाउस को विशेष ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और टीम भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सिस्टर जीवा, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर संदेश दिया गया कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी, अनुशासन, परिश्रम और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना है।




