*ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं का विकास प्राथमिकता : विधायक निरल पूर्ति*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड अंतर्गत घोड़ाबांधा पंचायत में शुक्रवार को डीएमएफटी निधि से बनने वाली पीसीसी सड़क का शिलान्यास मझगांव विधायक निरल पूर्ति ने किया। यह सड़क हलदिया गांव से हेपेरबुरू टोला पिंगुवासाई आंगनबाड़ी चौक होते हुए हेपेरबुरू पुरतीसाई तक बनाई जाएगी। सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासकर बरसात के दिनों में लोगों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे विधायक निरल पूर्ति का ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक गीत, फूल-माला, ढोल और नगाड़ों के साथ ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया।
मौके पर विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा और आधारभूत संरचनाओं का विकास ही क्षेत्र की प्रगति का आधार है। जिन गांवों में आज भी सड़क, स्कूल भवन, पंचायत भवन और विद्यालयों की चारदीवारी जैसी सुविधाओं का अभाव है, वहां योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन, बच्चों को अच्छा शैक्षणिक वातावरण और गांवों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है। विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जरूरतों को रखा। विधायक ने उनकी बातें सुनीं और संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानकी-मुंडा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता, ग्रामीण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।




