कोल्हान

*चाईबासा में आठ वर्षीय बच्ची की हत्या, मुख्य आरोपी रमाय गागराई गिरफ्तार*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या किए जाने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी रमाय गागराई को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची 3 नवंबर को अपने घर से खेलने के लिए निकली थी। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में बच्ची को तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान गांव के कुछ बच्चों ने बताया कि उन्होंने बच्ची को जंगल की ओर जाते देखा था। इसके बाद ग्रामीणों ने जंगल और आसपास के इलाकों में खोज अभियान तेज कर दिया।

*ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा*

तलाश के दौरान ग्रामीणों को पता चला कि रमाय गागराई अपने घर पर मौजूद नहीं है। उसके भाई से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि वह बनाईकेड़ा गया हुआ है। इसके बाद बच्ची के मामा समेत करीब दस ग्रामीण बनाईकेड़ा पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।

ग्रामीणों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की बात स्वीकार की। उसने पकड़े जाने के डर से बच्ची की हत्या करने की बात भी बताई। आरोपी की निशानदेही पर जंगल से बच्ची का शव बरामद किया गया।

*पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई*

गांव के मुंडा के माध्यम से घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। वही वह मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषी को कठोर सजा दिलाने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!