1984 के पाप में कांग्रेस, भाजपा और आरएसएस बराबर के भागीदार : कुलबिंदर सिंह

जमशेदपुर। क़ौमी सिख मोर्चा के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता कुलबिंदर सिंह ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग – अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर भाजपा एवं संघ समर्थित सिख नेताओं की ओर से की जा रही आलोचना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कुछ नेता अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं और 1984 के घटनाक्रम को लेकर राजनीति कर रहे हैं।
कुलबिंदर सिंह ने कहा कि यह सार्वभौमिक सत्य है कि वर्ष 1984 में ऑपरेशन ब्लू स्टार का निर्णय तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार के समय लिया गया था और उसके परिणाम बेहद दुखद रहे। हालांकि, उनका आरोप है कि उस समय भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी धरना, प्रदर्शन और जुलूस के माध्यम से सरकार पर लगातार दबाव बना रहे थे। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल की भूमिका को राजनीतिक स्वार्थों के संदर्भ में भी देखा जाना चाहिए।
उन्होंने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि सैनिक कार्रवाई का विरोध करने के कारण लेफ्टिनेंट जनरल एसके सिन्हा को सेना प्रमुख नहीं बनाया गया और उनके जूनियर अरुण एस. वैद्य को आर्मी चीफ बनाया गया। उन्होंने कहा कि जनता पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष चंद्रशेखर ने इसका जोरदार विरोध किया था, जिसका राजनीतिक असर भी देखने को मिला।
कुलबिंदर सिंह ने 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए सिख विरोधी नरसंहार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसमें कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग भी सक्रिय रहे। उन्होंने दिल्ली के हरि नगर में भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज 14 प्राथमिकी का उल्लेख करते हुए रामकुमार जैन और आश्रम जैन के नाम भी लिए। उनका दावा है कि इनमें से एक व्यक्ति तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बूथ एजेंट रह चुके थे और उनके घर में भाजपा का चुनावी कार्यालय भी चलता था।
उन्होंने वर्ष 1985 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि राजीव गांधी को मिली भारी चुनावी सफलता में आरएसएस की भूमिका को लेकर नानाजी देशमुख के एक आलेख का उल्लेख किया गया है। कुलबिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री से मांग की कि 1984 के दौरान दिल्ली में सेना को सड़क पर उतारने में हुई देरी की जांच कराई जाए। उन्होंने तत्कालीन गृह मंत्री नरसिंह राव और तत्कालीन सेना प्रमुख अरुण एस. वैद्य की भूमिका की भी जांच की मांग की।
कुलबिंदर सिंह ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भाजपा सिखों की इतनी बड़ी शुभचिंतक है, तो दिल्ली दंगों के दौरान गृह मंत्री रहे पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिंह राव और नानाजी देशमुख को भारत रत्न से सम्मानित क्यों किया गया? उन्होंने सवाल किया कि क्या यह सम्मान सिखों के प्रति नफरत का पुरस्कार था।
उन्होंने कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाए, लेकिन कहा कि कांग्रेस ने अपने अतीत के दाग को धोने की कोशिश की। उनके अनुसार, सोनिया गांधी स्वर्ण मंदिर गईं और राहुल गांधी भी वहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में सिख समुदाय से आने वाले डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया गया तथा सिख जनरल जेजे सिंह को सेना प्रमुख और सरदार सिद्धू को आईबी प्रमुख बनाया गया।
कुलबिंदर सिंह ने कहा कि वर्ष 2005 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने संसद में 1984 की घटनाओं के लिए देश से माफी मांगी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उनसे पहले किसी प्रधानमंत्री ने या उनके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1984 की कार्रवाई के लिए देश से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि 1984 की घटनाओं पर राजनीतिक बयानबाजी के बजाय पूरे मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच और ऐतिहासिक तथ्यों को सामने लाने की जरूरत है।




