*स्थायी लोक अदालत जनसमस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम : बृजेश पांडे*

चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा के अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में खूंटपानी प्रखंड में स्थायी लोक अदालत (पीएलए) को लेकर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को जन उपयोगी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान और कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में स्थायी लोक अदालत के चेयरमैन बृजेश पांडे उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्थायी लोक अदालत जन उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के त्वरित और सुलभ समाधान का माध्यम है। इसके तहत परिवहन, डाक, बिजली, पानी, सफाई, अस्पताल, बीमा, बैंकिंग सहित अन्य जन उपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों का निपटारा किया जाता है।
उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर विवादों का समाधान करने का प्रयास किया जाता है। इसका कार्यालय चाईबासा स्थित व्यवहार न्यायालय परिसर में है। आम लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सादे कागज पर आवेदन देकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कार्यालय प्रतिदिन खुला रहता है, इसलिए लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
बृजेश पांडे ने बताया कि स्थायी लोक अदालत में आवेदन देने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोग भी यहां अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन कर सकते हैं।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) के टोल फ्री नंबर 15100 और मध्यस्थता 3.0 अभियान के बारे में भी जानकारी दी गई।
मौके पर जिला परिषद सदस्य यमुना तियू और प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के पदाधिकारी, अधिकार मित्र अलकमा रूही सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




