कोल्हान

*जगन्नाथपुर में महिला की हत्या, पति गिरफ्तार, गैता से हमला करने का आरोप

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिन्तुगाड़ा गांव में बुधवार तड़के एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय सलमी सिंकू के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने उनके पति मंगल सिंकू को गिरफ्तार किया है। जिन्तुगाड़ा गांव जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकू का पैतृक गांव है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे की है। आरोप है कि घर के अंदर सो रही सलमी सिंकू पर धारदार कृषि औजार गैता से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के समय परिवार के बुजुर्ग सदस्य शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। बताया जाता है कि इसी दौरान घर का दरवाजा बंद था। सुबह महिला की हत्या की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने भी घटनाक्रम की जानकारी ली।

ग्रामीणों के अनुसार, मंगल सिंकू पिछले कुछ दिनों से सामान्य व्यवहार नहीं कर रहा था। बताया जाता है कि वह करीब तीन दिन पहले घर से चला गया था। परिवार के लोग उसकी तलाश करते हुए पाताहातु पहुंचे और सोमवार को उसे वापस लेकर आए थे। इसके कुछ समय बाद पत्नी की हत्या की घटना सामने आई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करने से इनकार किया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस घटना में इस्तेमाल किए गए संभावित हथियार, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पारिवारिक परिस्थितियों की जांच कर रही है। पति-पत्नी के बीच किसी विवाद की आशंका सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!