
रांची: झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ त्रिपाठी गुट की कार्यकारिणी की बैठक रविवार, 20 सितंबर 2026 को महासंघ कार्यालय रांची में अध्यक्ष विनीत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राज्य सरकार की ओर से विभिन्न कर्मचारी संवर्गों के पद समाप्त करने की प्रक्रिया और लेखा संवर्ग के कर्मचारियों के पदों को मरणशील घोषित किए जाने को लेकर विरोध जताया गया।
विभिन्न संवर्गों के पद समाप्त करने पर जताई आपत्ति
बैठक में जल संसाधन विभाग के कार्यालयों को समाप्त करने की प्रक्रिया तथा लिपिक संवर्ग की नियमावली में प्रधान सहायक के पद को समाप्त किए जाने पर भी सदस्यों ने खेद व्यक्त किया।
महासंघ की ओर से मांग की गई कि कार्य विभाग के लिपिक संवर्ग की नियमावली को समाहरणालय संवर्ग की नियमावली की तर्ज पर दोबारा तैयार किया जाए। महासंघ ने इस संबंध में आवश्यक पहल करने की बात कही।
कार्मिक विभाग के सचिव से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
बैठक में निर्णय लिया गया कि संबंधित नियमावली को तैयार कराने और कर्मचारियों की मांगों को रखने के लिए महासंघ का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही कार्मिक विभाग के सचिव तथा नियमावली तैयार करने के लिए गठित समिति के सदस्यों से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर वार्ता की जाएगी।
विभिन्न जिलों से पहुंचे कर्मचारी
बैठक में महासंघ के मुख्य संरक्षक धर्मराज तिवारी, महासचिव राजाराम सिंह, सम्मानित अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, संरक्षक शिवाकांत झा, संयुक्त सचिव प्रणव शंकर और शिव शंकर पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा हजारीबाग, डाल्टनगंज, रांची, जमशेदपुर सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कर्मचारी बैठक में शामिल हुए।




