मंझारी में सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक, यातायात नियमों की दी जानकारी
उत्क्रमित उच्च (+2) विद्यालय में जिला परिवहन कार्यालय की टीम ने चलाया जागरूकता अभियान, नशे में वाहन चलाने और तेज रफ्तार से बचने की अपील

चाईबासा: उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय की सड़क सुरक्षा टीम ने सोमवार को मंझारी स्थित उत्क्रमित उच्च (+2) विद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क संकेतों को समझने और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
यातायात नियम और सड़क संकेतों की दी जानकारी
सड़क सुरक्षा टीम ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क पर बने विभिन्न संकेतों और संकेत बोर्डों के बारे में विस्तार से बताया। नियमों का उल्लंघन करने पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।
इसके साथ ही सरकार की ओर से संचालित नेक मददगार योजना तथा सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ित परिवारों को मिलने वाले मुआवजे से संबंधित प्रावधानों के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।
छोटी-छोटी सावधानियों से रोकी जा सकती हैं दुर्घटनाएं
विद्यार्थियों से कहा गया कि सड़क सुरक्षा के प्रति प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। घर, विद्यालय, गांव और समाज में यातायात नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना जरूरी है।
जागरूकता टीम ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में तेज गति से वाहन चलाना, नशे का सेवन कर वाहन चलाना, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना तथा यातायात नियमों का उल्लंघन शामिल है। विद्यार्थियों से इनसे बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील
मांझारी थाना के अवर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों से नशे का सेवन कर वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने तेज गति और यातायात नियमों के उल्लंघन को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन परिचालन के लिए प्रेरित करने की अपील की।




