जादूगोड़ालोकल न्यूज़

जादूगोड़ा में लेबर यूनियन की अहम बैठक, नवंबर में सर्वसम्मति से चुनाव कराने की घोषणा

यूसील कर्मचारियों की पदोन्नति, अस्पताल, कैंटीन, शिक्षा और अन्य लंबित मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा

जादूगोड़ा: यूसील की मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठन जादूगोड़ा लेबर यूनियन की मंगलवार देर शाम तुरामडीह स्थित यूनियन कार्यालय में अहम बैठक हुई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े लंबे समय से लंबित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी नवंबर महीने में यूनियन का चुनाव सर्वसम्मति से कराने की घोषणा की गई।

पदोन्नति नीति में सुधार की मांग

बैठक के बाद यूनियन के महामंत्री सुरजीत सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की पदोन्नति नीति में सुधार का मुद्दा लंबे समय से लंबित है। कंपनी अस्पताल के जीडीए-बी और पियून-बी पद पर कार्यरत कर्मचारियों को वर्ष 2004 की नीति के आधार पर जीडीए-सी और पियून-सी पद पर पदोन्नति देने की मांग पर भी चर्चा हुई।

परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (एलएमसी) में यूनियन प्रतिनिधि को शामिल करने की मांग भी उठाई गई।

कैंटीन और अस्पताल सुविधाओं पर जोर

बैठक में महुलडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट समेत यूसील की सभी इकाइयों में कैंटीन व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता पर चर्चा हुई। नरवापहाड़ और जादूगोड़ा की कैंटीन बंद होने पर भी सदस्यों ने चिंता जताई।

मेडिकल रिइम्बर्समेंट का अलग से भुगतान, यूनिट लेवल क्लास शुरू करने, जादूगोड़ा-तुरामडीह माइंस की बंद वाशिंग व्यवस्था को चालू करने तथा अस्पताल से संबंधित मामलों में रेफरल सुविधा में सुधार की मांग पर भी चर्चा की गई। जादूगोड़ा अस्पताल में एक्स-रे फिल्म की उपलब्धता और अस्पताल कर्मियों के लिए कैंटीन सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा भी बैठक में उठा।

कर्मचारियों की समस्याओं के लिए सुविधा केंद्र और लीगल सेल

बैठक में वीआरएस में शामिल बीमारियों की सूची का विस्तार करने, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी इकाइयों में सुविधा केंद्र खोलने और प्रतिदिन शाम 7 से 8 बजे तक यूनियन कार्यालय खोलने का प्रस्ताव रखा गया।

कर्मचारियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए लीगल सेल गठित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार प्रयास करने की बात कही।

ये सदस्य रहे मौजूद

बैठक में यूनियन महासचिव सुरजीत सिंह, प्रशांत महतो, जयंत कुमार दास, शरत कुमार साव, खेपया हो, मंगल बांकिरा, सुराई हो, गोविंद कुमार टुडु, मोहम्मद जाकिर हुसैन सहित अन्य यूनियन सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!