गुवापश्चिमी सिंहभूमलोकल न्यूज़

गुवा में पति की लंबी आयु के लिए सुहागिनों ने रखा हरितालिका तीज व्रत

निर्जला उपवास रख महिलाओं ने शिव-पार्वती की विधिवत पूजा की, तीज व्रत कथा का किया श्रवण

गुवा: गुवा और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को हरितालिका तीज व्रत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन की खुशहाली की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला उपवास रखा।

शाम के समय महिलाओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव और माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की और तीज व्रत कथा का श्रवण किया। पूजा स्थलों पर महिलाओं ने शिव-पार्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर पूजा की। इसके बाद व्रत कथा सुनकर परिवार की सुख-शांति और पति की दीर्घायु की कामना की।

भक्ति गीतों से गूंजे पूजा स्थल

पूजा के दौरान महिलाओं ने भक्ति गीत गाते हुए भगवान शिव की स्तुति की। तीज पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूजा स्थलों पर देर शाम तक भक्तिमय माहौल बना रहा।

माता पार्वती की तपस्या से जुड़ी है मान्यता

पूजा करा रहे पंडित लक्ष्मण उपाध्याय ने बताया कि हिंदू धर्म में हरितालिका तीज व्रत का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए माता पार्वती ने कठोर तपस्या की थी। उनकी तपस्या और अटूट संकल्प की स्मृति में सुहागिन महिलाएं हरितालिका तीज का व्रत रखती हैं।

उन्होंने बताया कि महिलाएं पति की लंबी आयु, दांपत्य जीवन में प्रेम एवं सुख-शांति और परिवार की समृद्धि की कामना से निर्जला व्रत करती हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रद्धापूर्वक तीज व्रत और पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

पति के हाथों जल ग्रहण कर करेंगी पारण

व्रती महिलाएं अगले दिन अपने पति के हाथों से जल ग्रहण करने के बाद व्रत का पारण करेंगी। तीज व्रत को लेकर गुवा एवं आसपास के क्षेत्रों में पूरे दिन धार्मिक एवं उत्सव का माहौल बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!