चाईबासा

चाईबासा में फोस्टर केयर से चार बेसहारा बच्चों को मिला परिवार का सहारा, बदली जिंदगी

मिशन वात्सल्य के तहत एक बालिका और तीन बालकों को मिला सुरक्षित पारिवारिक वातावरण; छह माह में कुपोषण से मुक्त हुए बच्चे

चाईबासा: मिशन वात्सल्य के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा संचालित फोस्टर केयर योजना बेसहारा और अनाथ बच्चों के लिए नई उम्मीद बन रही है। योजना के तहत परिवार का सहारा खो चुके एक बालिका और तीन बालकों को परिवार आधारित देखभाल उपलब्ध कराई गई। फोस्टर केयर के प्रभावी क्रियान्वयन में पश्चिमी सिंहभूम जिला पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर है।

 

माता-पिता के निधन के बाद गहराया संकट

 

मनोहरपुर प्रखंड के सारंडा वन क्षेत्र के एक गांव में पिता की मृत्यु के बाद चार बच्चों का पालन-पोषण उनकी मां कर रही थीं। कुछ समय बाद मां की भी मृत्यु हो गई। माता-पिता के निधन के बाद बच्चों के सामने भोजन, सुरक्षा, शिक्षा और पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया।

 

परिवार में मौजूद वृद्ध दादी भी बच्चों की समुचित देखभाल करने की स्थिति में नहीं थीं। ऐसे में मामले की जानकारी जिला बाल संरक्षण इकाई को मिलने के बाद बच्चों को परिवार आधारित देखभाल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

 

उपयुक्त फोस्टर परिवार का किया गया चयन

 

गैर-संस्थागत देखभाल पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार तिवारी ने योजना तैयार कर बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। बच्चों की संस्कृति और परंपरा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए उपयुक्त फोस्टर परिवार की तलाश शुरू की गई।

 

बाल कल्याण समिति और गांव स्तर पर हुई बैठकों के बाद सभी निर्धारित मानदंडों को पूरा करने वाले सुखदेव टोप्पो और उनकी पत्नी दयन्ती खलखो को फोस्टर परिवार के रूप में चुना गया। यह परिवार मनोहरपुर प्रखंड के धानापाली गांव का रहने वाला है।

 

कुपोषण और स्वच्छता की समस्या से जूझ रहे थे बच्चे

 

फोस्टर परिवार में आने के समय चारों बच्चों की स्थिति चिंताजनक थी। बच्चों में नियमित दिनचर्या और स्वच्छता की जानकारी का अभाव था। इसके साथ ही वे कुपोषण से भी प्रभावित थे।

 

जिला बाल संरक्षण इकाई और फोस्टर परिवार के संयुक्त प्रयास से बच्चों को नियमित पौष्टिक भोजन, स्वच्छता, योग, खेलकूद और शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई गई। उनका निकटवर्ती सरकारी प्राथमिक विद्यालय में नामांकन भी कराया गया।

 

छह माह में दिखा सकारात्मक बदलाव

 

फोस्टर परिवार के साथ रहने के करीब तीन माह बाद बच्चों में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगा। उन्होंने हिंदी बोलना सीखा और फोस्टर परिवार के सदस्यों को मां-पापा कहकर बुलाने लगे।

 

लगभग छह माह बाद चारों बच्चे कुपोषण से मुक्त हो गए। उनके अक्षर ज्ञान, भाषा ज्ञान और सामाजिक व्यवहार में भी सुधार हुआ। बच्चे अब खेलकूद, व्यायाम, योग और संगीत में भी रुचि लेने लगे हैं।

 

सुरक्षित पारिवारिक वातावरण जरूरी: उपायुक्त

 

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि अनाथ और बेसहारा बच्चों को केवल संरक्षण देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित पारिवारिक वातावरण, स्नेह, शिक्षा, पोषण और सम्मान के साथ बचपन देना जरूरी है।

 

उन्होंने कहा कि फोस्टर केयर परिवार आधारित ऐसी व्यवस्था है, जो बच्चों को सुरक्षित और अपनापन भरा वातावरण उपलब्ध कराने में मदद करती है। जरूरतमंद बच्चों को उपयुक्त परिवार से जोड़कर उनके बेहतर भविष्य का निर्माण करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

कई स्तरों के समन्वय से बच्चों को मिला सहारा

 

बच्चों की देखभाल में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग खुशेन्द्र सोनकेशरी और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पुनिता तिवारी का नियमित मार्गदर्शन रहा।

 

फोस्टर परिवार, गांव के सामाजिक कार्यकर्ताओं, बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई के समन्वित प्रयास से चारों बच्चों को परिवार आधारित देखभाल का लाभ मिला। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की पहल का उद्देश्य बच्चों को संस्थागत वातावरण के बजाय सुरक्षित और स्नेहपूर्ण पारिवारिक माहौल में बेहतर भविष्य की दिशा देना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!