चाईबासाशासन प्रशासन

चाईबासा: गुदड़ी-बंदगांव के नेटवर्क शैडो एरिया में 90 दिनों में कनेक्टिविटी बहाली का लक्ष्य

जिला प्रशासन की बैठक में मोबाइल-इंटरनेट नेटवर्क विस्तार की बनी कार्ययोजना, नए टावर के लिए सर्वे और वन विभागीय स्वीकृतियों को प्राथमिकता

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती और नेटवर्क शैडो क्षेत्रों में मोबाइल एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत करने को लेकर जिला समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू सहित वन विभाग के अधिकारियों तथा जियो, बीएसएनएल और एयरटेल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में विशेष रूप से गुदड़ी और बंदगांव प्रखंड के सुदूरवर्ती गांवों में लंबे समय से बनी नेटवर्क समस्या की समीक्षा की गई। संबंधित दूरसंचार कंपनियों को चिन्हित नेटवर्क शैडो क्षेत्रों में अगले 90 दिनों के भीतर कनेक्टिविटी बहाल करने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सेवाओं तक पहुंच होगी आसान

मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने कहा कि गुदड़ी और बंदगांव के दूरदराज के गांवों में नेटवर्क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट लोगों की आवश्यक जरूरतों में शामिल हैं। बेहतर नेटवर्क उपलब्ध होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बैंकिंग और सरकारी डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

उन्होंने संबंधित विभागों और दूरसंचार कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा में नेटवर्क बहाली सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिले के सुदूर ग्रामीण और वनवर्ती क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बेहतर संचार व्यवस्था आवश्यक है। मजबूत नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, ऑनलाइन सरकारी सेवाओं और आपातकालीन सुविधाओं तक ग्रामीणों की पहुंच बेहतर होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और दूरसंचार कंपनियों को मिशन मोड में आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।

नए मोबाइल टावर के लिए होगा तकनीकी और स्थलीय सर्वे

बैठक में गुदड़ी, बंदगांव समेत जिले के अन्य नेटवर्क शैडो क्षेत्रों का तकनीकी एवं स्थलीय सर्वेक्षण और मैपिंग कराने पर सहमति बनी। दूरसंचार कंपनियों को नए मोबाइल टावर लगाने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर टावर स्थापना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

वन क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाने के लिए आवश्यक प्रमाण-पत्र, अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) और अन्य वन विभागीय स्वीकृतियों की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई। जिला प्रशासन और वन विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही गई।

पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा कि सुदूर क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क मजबूत होने से आम लोगों के साथ-साथ पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचना का आदान-प्रदान भी बेहतर होगा। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित संचार व्यवस्था के लिए मजबूत नेटवर्क कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण है।

तीन चरणों में पूरा होगा नेटवर्क विस्तार का काम

बैठक में नेटवर्क विस्तार के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना पर सहमति बनी। पहले चरण में नेटवर्क शैडो क्षेत्रों का सर्वेक्षण और मैपिंग, दूसरे चरण में टावर के लिए उपयुक्त स्थल का चयन और तीसरे चरण में वन विभागीय स्वीकृति समेत अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

इसके बाद मोबाइल टावर की स्थापना, उपकरण संयोजन और नेटवर्क परीक्षण किया जाएगा। जिला प्रशासन इस पूरी प्रक्रिया की नियमित समीक्षा करेगा। 90 दिनों की समयसीमा में अधिक से अधिक नेटवर्क शैडो क्षेत्रों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!