Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
सरायकेला

रांझड़-कांकी चेक डैम में नहाने के दौरान 26 वर्षीय युवक तेज बहाव में बहा, तलाश जारी; NDRF टीम का इंतजार

सरायकेला-खरसावां:- राजनगर प्रखंड के रांझड़-कांकी चेक डैम में मंगलवार को नहाने के दौरान 26 वर्षीय एक युवक तेज पानी के बहाव में बह गया। घटना के बाद से युवक की लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रशासन ने घटना की जानकारी NDRF को दे दी है और अब रेस्क्यू टीम के मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, रांझड़ गांव निवासी प्रदुम कुंभकार (26 वर्ष) अपने पांच अन्य साथियों के साथ चेक डैम में नहाने के लिए पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इस दौरान तीन युवकों ने चेक डैम में छलांग लगाई। इसी बीच प्रदुम कुंभकार तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया।

ग्रामीणों और मछुआरों की टीम ने की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से युवक की तलाश शुरू कर दी। वहीं, राजनगर अंचलाधिकारी के निर्देश पर मछुआरों की एक टीम को भी युवक की तलाश के लिए भेजा गया।

हालांकि, पानी का तेज बहाव और आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों की कमी के कारण मछुआरों की टीम युवक को खोजने में सफल नहीं हो सकी।

NDRF टीम को दी गई सूचना

इसके बाद लापता युवक की तलाश के लिए NDRF टीम को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू की गई। उपायुक्त के माध्यम से NDRF को घटना की जानकारी भेजी गई है। अब प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों को NDRF टीम के मौके पर पहुंचने का इंतजार है।

प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम और आवश्यक उपकरणों की मदद से चेक डैम में व्यापक तलाशी अभियान चलाकर लापता प्रदुम कुंभकार की तलाश की जाएगी।

घटना के बाद से युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में चिंता और मातम का माहौल बना हुआ है। फिलहाल प्रशासन और स्थानीय लोग युवक की सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!