*झाड़-फूंक के दौरान पुजारी की हत्या, आरोपी युवक फरार*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक करने वाले पुजारी की हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार तड़के हुई घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय गोरा अंगरिया के रूप में हुई है। हत्या का आरोप गांव के ही 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया पर लगाया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पोंडे राम अंगरिया पिछले कुछ दिनों से असामान्य व्यवहार कर रहा था। उसके परिजन उसके व्यवहार को लेकर परेशान थे। इसी को लेकर मंगलवार रात उसके घर पर पूजा-पाठ और झाड़-फूंक का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में पुजारी गोरा अंगरिया, डाकुवा मुखी राम अंगरिया सहित गांव के कई लोग शामिल हुए थे।
देर रात पूजा-पाठ समाप्त होने के बाद अधिकांश ग्रामीण अपने घर लौट गए। पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया रात में वहीं रुक गए। दोनों उसी कमरे में सोए, जहां पोंडे राम भी मौजूद था।
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे पोंडे राम ने सो रहे गोरा अंगरिया पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल गोरा अंगरिया की मौके पर ही मौत हो गई। कमरे में मौजूद डाकुवा मुखी राम अंगरिया जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
घटना के बाद डाकुवा मुखी राम अंगरिया ने तत्काल गांव के मुंडा गोमा अंगरिया को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गोइलकेरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने ग्रामीणों और घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों की तलाश की जा रही है।
पुलिस आरोपी पोंडे राम अंगरिया की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में झाड़-फूंक के दौरान विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह का पता पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




