90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत विद्यालय में शिविर, विद्यार्थियों को मिली कानूनी अधिकारों की जानकारी

चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में स्थानीय मांगी लाल रुंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय के लीगल लिटरेसी क्लब में 90 दिवसीय विशेष विधिक जागरूकता अभियान के तहत कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शिल्पा गुप्ता ने डीएलएसए सचिव का अंगवस्त्र देकर स्वागत करते हुए की। उन्होंने विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के लिए इस पहल की सराहना की।
डीएलएसए सचिव चौधरी ने विद्यार्थियों को बाल हित से जुड़ी सरकारी योजनाओं, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना, बाल विवाह, बाल उत्पीड़न और बच्चों के अधिकारों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
पीएलवी रेणु देवी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध नि:शुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी, जबकि स्थायी लोक अदालत की सदस्य सुभद्रा बेहरा ने विवादों के त्वरित समाधान के लिए स्थायी लोक अदालत में आवेदन की प्रक्रिया समझाई।
शिविर के दौरान लीगल लिटरेसी क्लब की चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शिल्पा गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।




