प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह! कुमारडुंगी में कुन्डिया सिंकु हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के पातरहातु गांव में हुए चर्चित कुन्डिया सिंकु हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे भी बरामद किए हैं। बुधवार को जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रफायल मुर्मू ने प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी। इस दौरान कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।

एसडीपीओ ने बताया कि 3 अगस्त 2026 को पातरहातु गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान कुन्डिया सिंकु (53) के रूप में हुई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू की गई।
मृतक की पत्नी मनीती कुई के लिखित आवेदन के आधार पर कुमारडुंगी थाना कांड संख्या 19/2026 दर्ज किया गया। प्राथमिकी में मंगल हेम्ब्रम उर्फ मंगल सिंह हेम्ब्रम, कुशनु हेम्ब्रम तथा गणेश हेम्ब्रम को नामजद आरोपी बनाया गया।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर एसडीपीओ रफायल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 4 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे बरामद किए गए।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद के कारण कुन्डिया सिंकु की हत्या की गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मंगल हेम्ब्रम (38 वर्ष), कुशनु हेम्ब्रम (45 वर्ष) और गणेश हेम्ब्रम (29 वर्ष) शामिल हैं। तीनों पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के पातरहातु गांव के निवासी हैं।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ रफायल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुण्डा, थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी सहित कुमारडुंगी थाना की पुलिस टीम एवं सशस्त्र बल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




