उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, 15 अगस्त से पहले पूरी होगी आंगनबाड़ी नियुक्ति प्रक्रिया

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में महिला एवं बाल विकास योजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

उपायुक्त ने सभी परियोजना क्षेत्रों में आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने और 15 अगस्त से पहले चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
उन्होंने मनरेगा अभिसरण के तहत चाकुलिया, धालभूमगढ़, घाटशिला, गोलमुरी-सह-जुगसलाई और जमशेदपुर सदर परियोजना क्षेत्रों में नए आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर शीघ्र जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को पोषण ट्रैकर ऐप पर केंद्रों के नियमित संचालन एवं लाभुकों की उपस्थिति का प्रतिदिन अद्यतन विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सभी पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने और योग्य लाभुकों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियमित क्षेत्र भ्रमण, अनुश्रवण तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।




