Ghatsila : झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ की बैठक में जिला कमिटी का पुनर्गठन, आनंद हेम्ब्रम बने जिलाध्यक्ष
मउभंडार में आयोजित बैठक में संगठन विस्तार, भाषा-संस्कृति संरक्षण और अधिकारों की लड़ाई पर हुई चर्चा

- भाषा, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा को लेकर नई रणनीति
घाटशिला : झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ की महत्वपूर्ण बैठक ताम्र प्रतिभा मंच, मउभांडार में केंद्रीय संगठन सचिव प्रकाश मुखी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संगठन की मूल विचारधारा, नीतियों और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सदस्यों से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी के पुनर्गठन पर चर्चा की गई और संगठन के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वक्ताओं ने झारखंडी भाषा, संस्कृति और मूलनिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कोल्हान समाचार लाइव, ई-पेपर और वेबसाइट का भव्य लोकार्पण, जनसरोकारों की पत्रकारिता का लिया संकल्प
संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन
बैठक में सर्वसम्मति से आनंद हेम्ब्रम को झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ का नया पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आनंद हेम्ब्रम ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला कमिटी का गठन कर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा। साथ ही झारखंडी भाषा, संस्कृति और मूलवासियों के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। उन्होंने भीमराव रामजी आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को उनके संवैधानिक एवं मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी दोहराया। बैठक का संचालन केंद्रीय महासचिव मुकेश कर्मकार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश मुखी ने किया। इस अवसर पर सोनू बेहरा, रवि मुखी, घासीराम बोदरा सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।




