कोल्हान

*जलसा में गया था परिवार, बंद घर का ताला तोड़कर 10 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े चोर*

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये के जेवर और नकदी की चोरी कर ली। घटना बुधवार की रात की है। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, खड़पोस निवासी मोहम्मद नसीम अपने पूरे परिवार के साथ बुधवार की शाम करीब 6 बजे घर में ताला लगाकर मझगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में आयोजित जलसा में शामिल होने गए थे। इसी दौरान सुनसान और बंद घर को देखकर चार से पांच चोरों ने मौके का फायदा उठाया। चोरों ने घर का बाहरी दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर तथा नकदी लेकर फरार हो गए।

बताया जाता है कि घर के बगल में धान के खेत में कुछ लोग रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें घर का ताला तोड़ने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उन्होंने हल्ला मचाया। इसके बाद चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। खेत में रखवाली कर रहे लोगों ने भागते हुए कुछ लोगों को देखा भी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फोन कर मोहम्मद नसीम को चोरी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह परिवार के साथ घर पहुंचे। घर के अंदर गोदरेज अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे सभी जेवर तथा नकदी गायब थे। इसके बाद उन्होंने मझगांव थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मझगांव में पुलिस की गश्ती सक्रिय नहीं रहने के कारण इस तरह की चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। समाचार लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!