कोल्हान

*गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व को लेकर चाईबासा में निकली प्रभात फेरी*

चाईबासा : गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा नानक दरबार में रविवार सुबह सिख समाज की ओर से प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी की शुरुआत गुरुद्वारा के ग्रंथी हरभजन सिंह द्वारा अरदास करने के बाद हुई। इसमें महिला, पुरुष और बच्चे सहित बड़ी संख्या में साध संगत शामिल हुए। श्रद्धालु कीर्तन करते हुए शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरे।

प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘सतगुर नानक परगटया, मिटी धुंध जग चानण होआ’ का कीर्तन किया। गुरुद्वारा से निकलकर प्रभात फेरी स्टेशन रोड स्थित जसबीर सिंह के घर पहुंची, जहां कीर्तन और अरदास की गई। इसके बाद जेएमपी चौक, अमला टोला होते हुए टुंगरी में जसपाल सिंह और सतपाल सिंह के घर पहुंचकर कीर्तन और अरदास हुई। इसके बाद पोस्ट ऑफिस चौक, सदर बाजार और बड़ी बाजार होते हुए श्रद्धालु सुरेन्द्र पाल सिंह के घर पहुंचे। सभी घरों में साध संगत के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। अंत में गुरुद्वारा नानक दरबार पहुंचकर अरदास की गई और प्रसाद वितरण के साथ प्रभात फेरी का समापन हुआ।

गुरुद्वारा अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने आयोजन को सफल बनाने के लिए स्त्री सत्संग सभा और युवा खालसा के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

*मघर महीने की संगरांद पर हुआ विशेष कीर्तन*

इसी अवसर पर नानकशाही संवत के अनुसार मघर महीने की शुरुआत पर गुरुद्वारा नानक दरबार में संगरांद का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। ग्रंथी हरभजन सिंह ने बारह माह का पाठ किया और साज के साथ कीर्तन प्रस्तुत किया। उन्होंने मघर महीने का श्लोक ‘मघर माह सोहिंदया, हर पिर संग सैठणीआह’ सुनाया।

इसके बाद सभी की सुख-शांति, अच्छे स्वास्थ्य और चढ़दी कला के लिए अरदास की गई। गुरमुख सिंह खोखर ने संगत को मघर महीने की शुभकामनाएं दीं। अंत में कड़ाह प्रसाद और अल्पाहार वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!