कोल्हान

*भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान से अन्याय के खिलाफ लड़ने की मिलती है प्रेरणा : सोनाराम सिंकु*

चाईबासा : जगन्नाथपुर प्रखंड के किसान विकास समिति सह बिरसा क्लब भवन, साननन्द (बुकासाई) में रविवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जगन्नाथपुर विधायक सह पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनाराम सिंकु ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही राज्य के लोगों को झारखंड स्थापना दिवस की बधाई दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि 15 नवंबर का दिन झारखंड और पूरे देश के लिए गौरव का दिन है। इसी दिन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाती है और वर्ष 2000 में इसी दिन अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ था। यह दिन आदिवासी समाज के साथ-साथ पूरे राज्य के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने संघर्ष और बलिदान से आदिवासी समाज को नई पहचान और दिशा दी। अंग्रेजों के शोषण और अन्याय के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि कभी भी अन्याय के सामने सिर नहीं झुकाना चाहिए। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।

विधायक ने कहा कि अपने पूर्वजों के सपनों को पूरा करने तथा जल, जंगल, जमीन और अपनी भाषा-संस्कृति की रक्षा के लिए अबुआ सरकार संकल्पित है। सभी के सामूहिक प्रयास से ऐसा झारखंड बनाना है, जहां हर घर में खुशहाली हो, हर हाथ को रोजगार मिले, हर बच्चा शिक्षित हो और हर महिला को सम्मान मिले।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अंबिका कुमारी, अंचल अधिकारी मनोज मिश्रा, दिउरी विनीत लागुरी, बड़कुंवर लागुरी, सोमनाथ कोड़ा, रमेश लागुरी, मथुरा लागुरी, रंजीत गगराई, समिति के सदस्य और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!