*सारजोमडीह गुमानसाई फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, जेएसवी होमगार्ड बटालियन बनी विजेता*

चाईबासा: चक्रधरपुर के आदिवासी सरना क्लब, सारजोमडीह गुमानसाई की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साह के साथ हुआ। समापन समारोह में चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जेएसवी होमगार्ड बटालियन और सिंह बाबू क्षगेलियालोहर के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया और निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट कराया गया, लेकिन इसमें भी दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। अंत में टॉस के जरिए विजेता का फैसला किया गया, जिसमें जेएसवी होमगार्ड बटालियन को विजेता घोषित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, एकजुटता और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल क्षेत्र में काफी लोकप्रिय है। ग्रामीण इलाकों में इस तरह की प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आदिवासी सरना क्लब की प्रबंध समिति की प्रशंसा की और भविष्य में भी सहयोग देने का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में चक्रधरपुर प्रखंड प्रमुख ज्योति सिजूई, उपप्रमुख विनय प्रधान, विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम, झामुमो प्रमुख सचिव ताराकांत सिजूई, प्रमुख कोषाध्यक्ष सुनील सुम्बुरूई, सुरबुड़ा पंचायत के मुखिया जंगल गागराई, झामुमो प्रखंड सदस्य संजीत बंकीरा, अमर सिंह बोरदा और मुखिया महेंद्र पुर्ती उपस्थित रहे।
इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी समारोह में शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह देखने को मिला।




