*‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारी*

चाईबासा: नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी एक नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसे लेकर रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय के संयोजन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य, पूर्व सचिव एवं एआईसीसी पर्यवेक्षक राजेश तिवारी तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष, जगन्नाथपुर विधायक और सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने संयुक्त रूप से पार्टी की रणनीति और तैयारियों की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में राजेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनता के अधिकारों की रक्षा करना है। पार्टी किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मताधिकार सबसे महत्वपूर्ण है। चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है। महारैली के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महारैली में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर समन्वय किया जा रहा है। जिले के कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल कराने के लिए तैयारियां चल रही हैं।
*प्रखंड से बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संपर्क*
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु ने कहा कि कांग्रेस जनता की सेवा, सामाजिक समानता, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता, बंधुता और न्याय के मूल्यों को मजबूत करना पार्टी का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों, मंडलों, पंचायतों और बूथ स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि महारैली में जिले की संगठित भागीदारी सुनिश्चित हो सके। दिल्ली जाने वाले कार्यकर्ताओं की यात्रा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनता के मताधिकार का सम्मान तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता जरूरी है।
*कांग्रेस के कई नेता रहे मौजूद*
प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर, विधानसभा प्रभारी राम सिंह सावैयां, मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, रईस रिजवी छब्बन, सह प्रभारी नितिमा बारी, पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजीत यादव, पूर्व प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अविनाश कोड़ाह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता इम्तियाज खान सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।




