कोल्हान

*नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव के विरोध में झारखंड पुनरुत्थान अभियान का धरना*

चाईबासा: झारखंड पुनरुत्थान अभियान की ओर से मनोहरपुर अंचल कार्यालय परिसर के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मनोहरपुर सहित अन्य क्षेत्रों को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव का विरोध किया गया। संगठन ने अंचल अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम पांच सूत्री ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित रिपोर्ट रद्द करने समेत विभिन्न मांगें उठाईं।

धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बहादुर उरांव ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत गठन के नाम पर आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर पारंपरिक अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पांचवीं अनुसूची के क्षेत्रों में ग्रामसभा की सहमति और संवैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

संगठन के केंद्रीय नेता सुन्नी सिंकू ने कहा कि नगर पंचायत गठन से आदिवासियों के पारंपरिक अधिकारों और ग्रामसभा की शक्तियों पर असर पड़ सकता है। उन्होंने इन क्षेत्रों में स्थानीय परंपराओं और ग्रामसभा के अधिकारों को सुरक्षित रखने की जरूरत बताई।

ज्ञापन में समता फैसले का अनुपालन करने, वर्ष 2016 के भूमि बैंक को निरस्त करने तथा मनोहरपुर, गुआ, नोवामुंडी और झींकपानी को नगर पंचायत बनाने से संबंधित प्रस्तावित रिपोर्ट रद्द करने की मांग की गई। इसके अलावा पात्र आदिवासियों और पारंपरिक वन निवासियों को वन पट्टा देने तथा वनोपज के विपणन की उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई गई।

संगठन ने पेसा अधिनियम, 1996 के तहत बालू प्रबंधन का अधिकार ग्रामसभाओं को सौंपने की भी मांग की। इसके साथ ही मानकी-मुंडा-डाकुआ व्यवस्था का सम्मान करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) कोष से संचालित योजनाओं की न्यायिक समीक्षा कराने की मांग रखी गई।

धरना में झारखंड पुनरुत्थान अभियान के प्रतिनिधियों के साथ स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे। संगठन ने मांगों पर उचित कार्रवाई करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!