कोल्हान

*सेल प्रबंधन की बैठक में मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा, ठोस निर्णय नहीं होने से नाराजगी*

चाईबासा: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के निदेशक (खान) विकास मनवाटी ने मेघाहातुबुरू जनरल ऑफिस के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभिन्न श्रमिक यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में मजदूरों की लंबित समस्याओं और मांगों पर चर्चा हुई। हालांकि, कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस निर्णय नहीं होने से श्रमिक नेताओं में असंतोष देखा गया।

बैठक में किरीबुरू सेल अस्पताल की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन प्रतिनिधियों ने अस्पताल में सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी, वर्षों से बंद ब्लड बैंक तथा रेफरल सुविधा में आ रही समस्याओं पर सवाल उठाए। इस पर प्रबंधन ने कहा कि डॉक्टर यहां आने के इच्छुक नहीं हैं। प्रबंधन के इस जवाब से श्रमिक प्रतिनिधि संतुष्ट नहीं हुए।

इसके अलावा टाउनशिप की जर्जर सड़कों और सेल कर्मचारियों के पुराने आवासों की मरम्मत की मांग की गई। निदेशक विकास मनवाटी ने सड़क निर्माण और आवास संबंधी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि, खाली पड़े आवासों को किराये पर देने की मांग स्वीकार नहीं की गई।

बैठक में करीब 15 वर्षों से लंबित इंसेंटिव और रिवॉर्ड भुगतान का मामला भी उठा। श्रमिक नेताओं ने भुगतान में हो रही देरी पर सवाल किया, लेकिन प्रबंधन ने कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई। बाहर इलाज कराने के लिए कैशलेस सुविधा और वातानुकूलित शव वाहन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर विचार करने की बात कही गई।

खदानों में ठेका श्रमिकों के मोबाइल फोन ले जाने पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग भी उठाई गई। प्रबंधन ने सुरक्षा और शून्य दुर्घटना के लक्ष्य का हवाला देते हुए प्रतिबंध जारी रखने का निर्णय लिया।

झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने बैठक को असफल बताते हुए कहा कि मजदूरों की समस्याओं पर प्रबंधन का रवैया सकारात्मक नहीं रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान नहीं होने पर संयुक्त श्रमिक यूनियनों के माध्यम से व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!