कोल्हान

*मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म में शामिल हुए विधायक सोनाराम सिंकु*

नेमरा पहुंचकर दी श्रद्धांजलि, कहा- माता-पिता का साया जीवन का सबसे बड़ा संबल*

चाईबासा: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म में रविवार को जगन्नाथपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक और पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनाराम सिंकु ने नेमरा पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति एकजुटता जताई।

विधायक सोनाराम सिंकु ने स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि माता-पिता का साया जीवन का सबसे बड़ा संबल होता है। जीवन में माता-पिता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उनका साथ और आशीर्वाद परिवार को कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत देता है। ऐसे में माता-पिता में से किसी एक का साथ छूटना भी परिवार के लिए गहरा दुख होता है। उन्होंने कहा कि पहले पिता और फिर मां को खोना जीवन की बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

सिंकु ने कहा कि स्वर्गीय रूपी सोरेन का निधन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री और परिवार के सभी सदस्यों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार को धैर्य और हिम्मत बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्राप्त हो।

श्राद्धकर्म के अवसर पर प्रोफेसर कालीपद सोरेन, कांग्रेस नेता जगदीश नारायण चौबे और ईशु झा भी उपस्थित थे। सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!