क्राइम
चांडिल में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो जावा महुआ बरामद

चांडिल। सरायकेला-खरसावाँ जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश पर 6 अक्टूबर 2026 को उत्पाद विभाग की टीम ने चांडिल थाना क्षेत्र के डोवो कड़ीपत्थर गांव में नदी किनारे अवैध चुलाई शराब के अड्डे पर छापेमारी की।
आसूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने एक अवैध चुलाई अड्डे को ध्वस्त कर दिया। मौके से 400 किलोग्राम जावा महुआ और 40 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद अवैध उत्पाद को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
विभाग के अनुसार, अवैध चुलाई अड्डे के संचालक के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




