कोल्हान

*भालू के हमले में घायल प्रधान लागुरी की मौत, परिवार को 30 हजार की सहायता* 

चाईबासा: हाटगम्हरिया प्रखंड के बालन्डीया गांव निवासी प्रधान लागुरी की जंगली भालू के हमले में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रधान लागुरी आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के हाटगम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष सुनील लागुरी के पिता थे।

घटना की जानकारी देते हुए सुनील लागुरी ने बताया कि दो अक्टूबर की सुबह प्रधान लागुरी साइकिल से गांव से कुछ दूर बचोम लोंगोर के पास जा रहे थे। इसी दौरान साइकिल की चेन उतर गई। चेन चढ़ाने के दौरान अचानक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले में प्रधान लागुरी के पेट और कमर में चोट आई। घटना के बाद भालू जंगल की ओर चला गया। घायल होने के बावजूद प्रधान लागुरी साइकिल चलाकर सामने स्थित एक घर तक पहुंचे, जहां वे गिर पड़े।

स्थानीय स्तर पर कुमारडुंगी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया। इलाज के दौरान शनिवार शाम करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई।

मौत की जानकारी मिलने पर आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जॉन मिरन मुंडा सदर अस्पताल पहुंचे और सुनील लागुरी सहित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने वन विभाग से मुआवजा दिलाने को लेकर डीएफओ और अंचल अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही।

जिला अध्यक्ष मानसिंह तिरिया भी परिवार से मिले। उन्होंने वन विभाग और वन क्षेत्र पदाधिकारी को घटना की सूचना देने की बात कही। रविवार को वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस द्वारा पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान हटगम्हरिया रेंज के वन विभाग के पदाधिकारियों ने मानसिंह तिरिया की मौजूदगी में पीड़ित परिवार को 30 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी।

मानसिंह तिरिया ने कहा कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक के आश्रितों को कुल 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग को तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

मौके पर सिदिऊ लागुरी, माटा लागुरी, चुम्बूरू पिंगुवा, लखन पिंगुवा सहित वन विभाग और पुलिस के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!