बारीगोड़ा के सामुदायिक उच्च विद्यालय में रक्त विज्ञान और थैलेसीमिया पर जागरूकता कार्यक्रम
थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर की पहल, करीब 50 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा; रक्त संबंधी विकारों और थैलेसीमिया से बचाव की दी गई जानकारी

जमशेदपुर: थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर के तत्वावधान में बुधवार को बारीगोड़ा स्थित सामुदायिक उच्च विद्यालय में रक्त विज्ञान एवं थैलेसीमिया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 50 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर के महासचिव नरेंद्र कुमार और संयुक्त सचिव श्रीराम सिंह ने विद्यार्थियों को रक्त विज्ञान एवं थैलेसीमिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों को रक्त के महत्व, रक्त संबंधी विभिन्न विकारों तथा थैलेसीमिया जैसी आनुवंशिक रक्त संबंधी बीमारी के कारणों और बचाव के उपायों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। वक्ताओं ने कहा कि थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता इसके प्रभाव को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और युवाओं एवं विद्यार्थियों को बीमारी के संबंध में सही वैज्ञानिक जानकारी देना समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ शिक्षिका मीना पिंगुआ उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना की।




