*CEIR पोर्टल से 37 गुम मोबाइल बरामद, पुलिस ने धारकों को लौटाए*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity) पोर्टल के माध्यम से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 37 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मोबाइल की बरामदगी को लेकर तकनीकी अनुसंधान करते हुए यह कार्रवाई की गई।
पुलिस उपाधीक्षक (मु.) पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा पूजा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुम हुए मोबाइल फोन की तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच की। इस दौरान कुल 37 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक धारकों को राजकुमार जयरामपुर (भा.पु.से.), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टूटी और पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी की उपस्थिति में सौंपा गया।
खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर धारकों ने खुशी जताई और चाईबासा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने और बरामद करने में मदद मिलती है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही Sanchar Saathi App के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करें, ताकि समय पर तकनीकी कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी की जा सके।
पुलिस ने बताया कि हाल के दिनों में दूसरे जिलों से चोर गिरोह के सदस्य समूह बनाकर भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करने के उद्देश्य से पहुंच रहे हैं। ऐसे में बाजार, हाट और अन्य भीड़ वाले स्थानों पर लोगों को अपने मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखने की जरूरत है।




