*‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा*

चाईबासा: सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को पीएम श्री गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल, टाटा कॉलेज कॉलोनी चाईबासा में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ‘विकसित भारत संकल्प 2047 का भारत कैसा होना चाहिए’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपनी कल्पना और विचारों को प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता में दशमति कुंकल ने प्रथम, मुनू राम मुर्मू ने द्वितीय और रायमुनि सिंकु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 10 विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। भाषण प्रतियोगिता में सरीना होनहागा प्रथम, दयंती देवगम द्वितीय और सलोनी गोप तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें पांच छात्र-छात्राओं को पुरस्कार दिया गया। सभी चयनित प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं। देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को दी जाने वाली शिक्षा और संस्कार से देश का भविष्य तय होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रतियोगिता में सभी ने अपनी क्षमता के अनुसार भाग लिया है। पुरस्कार मिलना या नहीं मिलना सफलता का अंतिम आधार नहीं है। जिन विद्यार्थियों को पुरस्कार नहीं मिला है, उन्हें निराश होने के बजाय भविष्य की तैयारी करते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।
छात्र-छात्राओं को प्रताप कटियार महतो ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक उपेंद्र सिंह ने किया।
कार्यक्रम में जिला अभियान संयोजक रंजन प्रसाद, जय किशन बिरूली, रोहित दास, चंद्र मोहन तिरू, शिक्षक दर्शनीय लागुरी, रवि कच्छप, सरिता सिंह और मोनिका बिरूआ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यार्थियों को अपने विचारों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर मिला।




