*वन पदाधिकारी पर वित्तीय अनियमितता के आरोप, बाबुराम लागुरी ने डीसी से मांगी उच्चस्तरीय जांच*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में वन विभाग के लघु वन पदार्थ परियोजना प्रक्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी अनिल कुमार दास के कार्यकाल को लेकर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। टोंटो केन्दु पत्ती संग्राहक समिति के कोषाध्यक्ष एवं टोंटो के पूर्व मुखिया बाबुराम लागुरी ने मंगलवार को उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अनिल कुमार दास पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित हैं। साथ ही चक्रधरपुर, गोईलकेरा रेंज और धालभूम प्रमंडल जमशेदपुर के प्रमंडलीय प्रबंधक (डीएम) का प्रभार भी संभाल रहे हैं। बाबुराम लागुरी ने इन पदस्थापनों और अतिरिक्त प्रभारों के आदेशों की जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में केन्दु पत्ता प्राथमिक संग्रह समितियों को पिछले 9-10 वर्षों में मिली प्रोत्साहन राशि, विकास मद की राशि, बिक्री से प्राप्त आय और मजदूरों के भुगतान में लाखों रुपये की संभावित वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई गई है। इसके लिए समिति के बैंक खाते, चेकबुक, कैशबुक, बिल-वाउचर, भुगतान रजिस्टर और ऑडिट रिपोर्ट की जांच कराने की मांग की गई है।
इसके अलावा चक्रधरपुर रेंज में कथित फर्जी मास्टर रोल तैयार कर सरकारी राशि के दुरुपयोग, कार्यालय भवन निर्माण, बोरिंग और गेट निर्माण में अनियमितता के आरोप भी लगाए गए हैं। आवेदन में कहा गया है कि इन मामलों को लेकर पहले भी वन निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से जांच की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।
बाबुराम लागुरी ने वास्तविक मजदूरों और पत्ता संग्राहकों से भुगतान का सत्यापन कराने, विकास कार्यों की भौतिक जांच करने तथा वित्तीय अधिकारों के इस्तेमाल की समीक्षा करने की मांग की है। उन्होंने अनिल कुमार दास के पदस्थापन की समीक्षा कर नियमानुसार स्थानांतरण करने और स्वतंत्र जांच अधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने का आग्रह किया है।
आवेदन की प्रतिलिपि प्रबंध निदेशक और महाप्रबंधक, रांची को भी भेजी गई है। हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पदाधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है।




