*समाजसेवी की सूचना पर 61 मवेशी मुक्त, गौशाला भेजे गए*

चाईबासा: झींकपानी निवासी समाजसेवी जितेंद्र गोप की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 61 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। सभी मवेशियों को सुरक्षित चाईबासा स्थित गौशाला में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर की देर रात जितेंद्र गोप चाईबासा से झींकपानी लौट रहे थे। इसी दौरान सिंगपुखुरिया के पास झाड़ियों के बीच कुछ लोगों को मवेशियों के साथ संदिग्ध स्थिति में देखा। पूछताछ में उन्हें जानकारी मिली कि मवेशियों को ओडिशा से चाईबासा की ओर ले जाया जा रहा है। आशंका जताई गई कि उन्हें बूचड़खाने में वध के लिए ले जाया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जितेंद्र गोप ने तत्काल पुलिस अधीक्षक को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर चाईबासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जितेंद्र गोप रात में ही मवेशियों को ले जा रहे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस को लगातार जानकारी देते रहे। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रात करीब 11:30 बजे टेकोराहातु के पास से सभी 61 मवेशियों को मुक्त करा लिया।
पुलिस ने बरामद मवेशियों को चाईबासा गौशाला पहुंचाया। इस मामले में तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
समाजसेवी जितेंद्र गोप की सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मवेशियों को सुरक्षित बचाया जा सका। उनके इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।




