*चक्रधरपुर के पवन चौक से भगत सिंह चौक तक जाम की समस्या, मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा मांग पत्र*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर के मुख्य मार्ग पवन चौक से भगत सिंह चौक तक लगातार लगने वाले जाम से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में बस, ट्रक, मालवाहक वाहन, दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन होता है। इसके कारण स्कूली बच्चों, राहगीरों और आम नागरिकों को सड़क पार करने तथा आने-जाने में काफी कठिनाई होती है। साथ ही इस मार्ग पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इस समस्या को लेकर चक्रधरपुर के समाजसेवी राम होनहागा ने राज्य के मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पवन चौक से भगत सिंह चौक तक शहर के भीतर सड़क पर वाहनों का दबाव काफी अधिक रहता है। इसी मार्ग से चाईबासा, चक्रधरपुर और रांची की ओर जाने वाली बसों के अलावा भारी मालवाहक वाहनों का भी आवागमन होता है। ऐसे में सड़क पर जाम की स्थिति लगातार बनी रहती है।
राम होनहागा ने कहा कि इस मार्ग पर यातायात का दबाव देखते हुए उचित व्यवस्था करना बेहद जरूरी है। पवन चौक के ब्रिज की ऊपरी सड़क पर पिछले वर्ष पुरानी बस्ती के एक जाने-माने कलाकार की दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भी सड़क पर यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से पहल करनी चाहिए, ताकि आम लोगों को जाम से राहत मिल सके और भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
समाजसेवी राम होनहागा ने बताया कि जनहित को देखते हुए मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर पवन चौक से भगत सिंह चौक तक यातायात व्यवस्था में सुधार और जाम से मुक्ति दिलाने की मांग की जाएगी।




